प्रार्थना में लीन युवा धर्मबहन, चित्रकार: सर्गेई ग्रिबकोव
जब ईश्वर संसार को देखते हैं, तो उन्हें क्या दिखाई देता है? निश्चय ही उन्हें अपनी सृष्टि की सुंदरता, अपनी योजना की पूर्ण व्यवस्था और अपने बेटे-बेटियों की उपस्थिति दिखाई देती है। लेकिन उन्हें अनगिनत पापों की भयावहता भी दिखाई देती है। यहाँ तक कि सबसे छोटा पाप या अपूर्णता भी उनकी दृष्टि से नहीं बच सकती। कल्पना करें कि एक ही दृष्टि में संसार के सभी पापों को देखना कैसा होगा। लेकिन अपनी पूर्ण दया में वे उन विनम्र और पवित्र आत्माओं से सांत्वना स्वीकार करते हैं जिन्हें उन्होंने विशेष रूप से चुना है। हाँ, सभी लोग चुने हुए हैं, लेकिन कुछ आत्माएँ दूसरों की अपेक्षा पवित्रता की ऊँचाइयों की बुलाहट का अधिक उदारता से उत्तर देती हैं और ऐसा करके हमारे संसार की बुराइयों का शक्तिशाली ढंग से सामना करती हैं। यह उन लोगों की विशेष बुलाहटों में से एक है जो दुनिया से अलग मठ के एकांत में धर्मसंघीय जीवन जीते हैं और अपना पूरा ध्यान भीतरी हृदयपरिवर्तन पर केंद्रित रखते हैं। ऐसी पवित्र आत्माओं से होने वाला लाभ भले ही हमें दिखाई न दे, लेकिन ईश्वर उसे देखते हैं और विशेष रूप से इन आत्माओं तथा सभी पवित्र आत्माओं के कारण उनका क्रोध दया में बदल जाता है (देखें डायरी #926)।
इस बात पर मनन करें कि आप इन चुनी हुई आत्माओं में से एक हैं। हो सकता है कि आपको मठ के एकांत में गुप्त जीवन बिताने की बुलाहट न मिली हो, लेकिन आपको महान पवित्रता प्राप्त करने की बुलाहट अवश्य मिली है। जब ईश्वर आपके जीवन की पवित्रता देखते हैं, तो उनका न्याय संतुष्ट होता है और उनकी दया प्रवाहित होती है। भले ही आपकी कही हुई बातें, आपके विचार और आपकी प्रार्थनाएँ किसी दूसरे को कभी ज्ञात न हों, फिर भी सब कुछ देखने वाले ईश्वर आपके हृदय और जीवन में प्राप्त आपकी पवित्रता को देखते हैं। यह पवित्रता उन सभी बातों और कार्यों से कहीं अधिक फलदायी होगी जिन्हें आप केवल अपने बल पर कभी कर सकते हैं। आप एक चुनी हुई आत्मा हैं। इस मिशन को पूरा करें और आप ईश्वर की दया का एक शक्तिशाली साधन बन जाएँगे।
हे प्रभु, मुझे पवित्रता के लिए चुनने पर मैं आपको धन्यवाद देता हूँ। यह बुलाहट मुझे स्वीकार है और मैं पूरे हृदय से आपकी सेवा करने के लिए प्रयत्नशील हूँ। प्रिय प्रभु, मेरा जीवन आपका है; मेरे साथ वही कीजिए जो आपकी इच्छा हो। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।
सामान्य काल के लिए पवित्र शास्त्र पर मनन




