हिन्दी

मनन 241: आपके विशिष्ट पापों का उपचार

दस आज्ञाएँ लेकर सीनै पर्वत से उतरते मूसा, फर्डिनांड बोल की कृति

वीडियो

आप अपने पापों पर कैसे विजय पाते हैं?  हर पाप अलग होता है और उससे अलग होने के लिए विशेष प्रार्थना और त्याग की आवश्यकता होती है।  तीन आम पाप हैं: शारीरिक वासनाओं के पाप, क्रोध के पाप और घमंड के पाप।  इनमें से हर पाप पर विजय पाई जा सकती है, लेकिन इसके लिए विशेष ध्यान देने की आवश्यकता हो सकती है।  यदि आप शारीरिक वासनाओं के पापों से संघर्ष करते हैं, तो उपवास करने का प्रयास करें।  तरह-तरह के खाने-पीने की चीज़ों से परहेज़ करके उन चीज़ों का त्याग करें जो आपको शारीरिक सुख देती हैं।  क्रोध के पापों के लिए, जिस व्यक्ति से आप क्रोधित हैं, उसके लिए कोई भला काम करने या उससे कोई स्नेहपूर्ण बात कहने का प्रयास करें।  उसके लिए प्रार्थना करें और क्रूस पर कहे गए येसु के ये शब्द कहें, “पिता, इन्हें क्षमा कीजिए, क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं।”  और घमंड के पापों के लिए, प्रार्थनामय विनम्रता के साथ अपने प्रभु के सामने साष्टांग दंडवत करने और उनके सामने अपने को रिक्त करने का प्रयास करें।  जिन पापों से आप संघर्ष करते हैं, उनके लिए ये विशेष उपचार अर्पित करने का प्रयास करें और ईश्वर की दया प्रचुर मात्रा में बरसेगी (देखें डायरी #1248)।

आप किन विशिष्ट पापों से संघर्ष करते हैं?  सुनिश्चित करें कि आप नियमित रूप से अपने अंतःकरण की गहराई से जाँच करें और दस आज्ञाओं में से प्रत्येक पर या सात मूल पापों पर विस्तार से ध्यान दें।  जिन प्रमुख पापों से आप संघर्ष करते हैं, विशेषकर जो आदत बन गए हैं, उनकी पहचान करने के बाद उनके लिए कोई पवित्र उपचार खोजें।  पापों का प्रायश्चित्त दवा के समान है।  हर बीमारी के लिए सही दवा चाहिए।  ईश्वर जिन तरीकों से आपकी आत्मा के लिए ये “दवाएँ” प्रकट करते हैं, उन्हें अपनाने के लिए तैयार रहें और बिना हिचकिचाए उनका सेवन करें।  आपका हर प्रायश्चित्त आपके जीवन में दया का द्वार एक नए और गहरे ढंग से खोलेगा।

प्रभु, मुझे ज्ञात है कि अपने अनेक पापों के कारण मैं रोगग्रस्त हूँ।  मैं दुर्बल हूँ और मुझे चंगाई की आवश्यकता है।  अपने पापों को पहचानने और आपकी दया के सहारे उनका सामना करने में मेरी सहायता कीजिए।  उन पर विजय पाने के साधन मुझे दीजिए, ताकि मैं आपके और निकट आ सकूँ।  प्रभु, मुझे आपसे प्रेम है; मुझे उन सभी चीज़ों से मुक्त कीजिए जो मुझे आपसे दूर रखती हैं।  हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।

अगस्त 29 – संत योहन बपतिस्ता, शहीद, का दुःखभोग—स्मृति दिवस

ईश्वरीय दया पर और मनन

सुसमाचार पर दैनिक मनन

आज के संत/पर्व