चित्र साभार Needpix
क्या आपकी इच्छा संत बनने की है? आशा है कि उत्तर “हाँ” है। लेकिन इस प्रश्न का क्या उत्तर होगा: क्या आपको लगता है कि आपके लिए संत बनना संभव है? इसका उत्तर देना शायद अधिक कठिन हो। पवित्रता के सपने देखना और उसकी इच्छा करना आसान है, लेकिन जब उसे प्राप्त करने का कार्य सामने आता है, तो निराशा आसानी से घेर सकती है। निराशा तब आती है जब आप पवित्रता के ऊँचे बुलावे को देखते हैं और यह निष्कर्ष निकाल लेते हैं कि आप उसे कभी प्राप्त नहीं कर पाएँगे। हो सकता है कि आपका ध्यान किसी एक दोष पर अटक जाए और आप यह सोचकर हार मान लें कि आध्यात्मिक रूप से गुनगुना बने रहना ही आपकी नियति है, और बस यही आपका जीवन है। आपको लग सकता है कि आप एक भले इंसान हैं और इतने से ही संतोष करना होगा। लेकिन ईश्वर के पास आपके लिए महान योजनाएँ हैं! वे न केवल आपको संत बनने के लिए बुलाते हैं, बल्कि यह भी जानते हैं कि आपके लिए संत बनना संभव है। मुख्य बात यह है कि आप उनकी दया को अपने लिए इतना स्पष्ट होने दें कि आपको एहसास होने लगे कि पवित्रता संभव है। पवित्रता या संतत्व हमें इसलिए नहीं मिलता कि हम अच्छे हैं; बल्कि इसलिए मिलता है कि ईश्वर दयालु हैं और हमने उनकी उस दया पर अपनी दृष्टि टिकाए रखने का निर्णय लिया है। इस सत्य पर कभी संदेह न करें कि आपको संत बनने का बुलावा मिला है और आपके लिए संत बनना संभव भी है (देखें डायरी #1333)।
आज इन दो प्रश्नों पर मनन करें। क्या मेरी इच्छा संत बनने की है और क्या मेरे जीवन में यह संभव है? पहचानें कि पवित्रता के विचार से आपको किन बातों के कारण निराशा होती है। जो भी बात आपके भीतर निराशा पैदा कर रही है, वह झूठी है। वह सत्य नहीं है। ईश्वर की दया को अपनी आँखों के सामने प्रकट होने दें और समझें कि आपके लिए उनकी दया को ग्रहण करना संभव है। और जब आप ईश्वर की दया ग्रहण करने के लिए अपना हृदय खोलेंगे, तब सच्ची पवित्रता की ओर आपकी यात्रा शुरू होगी।
प्रभु, मेरी सच्ची इच्छा है कि आपकी अपार दया से मुझे पवित्रता प्राप्त हो। निराशा से मेरा संघर्ष दूर करें और मुझे बदलने की आपकी सामर्थ्य में आशा रखने में मेरी सहायता करें। प्रिय प्रभु, आपको मेरा आत्मसमर्पण है, और मुझे भरोसा है कि आप मुझे संत बना देंगे। हे येसु, मुझे आप पर भरोसा है।
सितंबर 23 – पिएत्रेलचीना के संत पियो, पुरोहित का स्मृति-दिवस
लिज़ियू की संत तेरेज़ा – नन्हा फूल – की नौ-दिवसीय प्रार्थना
दूसरा दिन – सितंबर 23




